इंदौर। पुलिस दर्पण
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के राऊ थाना क्षेत्र के न्यू नेहरू नगर में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवती घर में बनी पानी की टंकी में संदिग्ध अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पति सहित जेठ-जेठानी से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
काम से घर लौटा पति, टंकी में देखा तो उड़ गए होश
एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार मृतका की पहचान वंदना पटेल के रूप में हुई है। वंदना ने करीब एक माह पहले ही रूपेंद्र पटेल के साथ प्रेम विवाह किया था। बताया गया है कि रूपेंद्र सड़क किनारे कपड़े बेचने का काम करता है। गुरुवार शाम जब रूपेंद्र काम से घर लौटा तो उसने वंदना को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पत्नी को घर में नहीं पाकर उसने तलाश शुरू की। इसी दौरान जब उसने पानी की टंकी में देखा तो वंदना संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। रूपेंद्र ने उसे टंकी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मामले में पति और जेठ से पूछताछ की है, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों से भी जानकारी ली जा रही है।
पड़ोसियों ने सुनी थी तेज आवाजें
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह बात आई है कि गुरुवार दोपहर वंदना के घर से तेज आवाजें सुनाई देने की बात पड़ोसियों ने बताई है। कुछ समय बाद रूपेंद्र के घर से बाहर निकलने पर उसकी शर्ट पर संदिग्ध निशान देखे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इन सभी बिंदुओं की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। परिजनों की ओर से यह भी बताया गया है कि रूपेंद्र की कथित नशे की आदत को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस प्रेम विवाह के बाद सामने आए कथित पारिवारिक विवाद सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
11 अगस्त को किया था प्रेम विवाह
पुलिस के अनुसार रूपेंद्र पटेल और वंदना ने 11 अगस्त को प्रेम विवाह किया था। विवाह से पहले वंदना ने पुलिस के समक्ष स्वयं को बालिग बताते हुए रूपेंद्र के साथ रहने की इच्छा जताई थी। इसके बाद दोनों ने शादी कर साथ रहना शुरू किया था। वहीं, वंदना के परिवार ने उसके लापता होने की रिपोर्ट चंदन नगर थाने में दर्ज कराई थी। अब नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
एसीपी निधि सक्सेना के अनुसार फिलहाल मामले में पति और जेठ से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों व पड़ोसियों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वंदना की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने फिलहाल प्रेम विवाह के बाद पारिवारिक विवाद, विवाद के दौरान हुई घटना और अन्य संभावित कारणों को जांच के दायरे में रखा है।

