सहकारी सप्ताह का शुभारंभ: सहकारी ध्वज फहराकर दिलाई शपथ

रतलामपुलिस दर्पण

प्रदेशभर में 29 जून से 5 जुलाई तक मनाए जा रहे सहकारी सप्ताह के तहत सोमवार को रतलाम में सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। जनजागरण रथ को दिखाई हरी झंडी । अभियान का उद्देश्य सहकारिता की भावना को जमीनी स्तर तक मजबूत करना तथा शासन की कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
कलेक्ट्रेट परिसर में सहकारिता विभाग, जिला सहकारी संघ एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शुभारंभ समारोह में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन ने सहकारी ध्वज फहराकर सहकारी सप्ताह का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य निरंजन कुमार कसारा ने “लहर-लहर लहरा सतरंगा सहकारी” गीत की प्रस्तुति देकर वातावरण को सहकारिता के रंग में रंग दिया। इसके बाद मुख्य अतिथि सुश्री वैशाली जैन ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सहकारिता की शपथ दिलाई।

उन्होंने सहकारिता योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार सहकारी जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उपायुक्त सहकारिता एन.एस. भाटी, जिला सहकारी संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिरुद्ध शर्मा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृतज्ञ गुप्ता एवं उपयंत्री शैलेष खरे ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
समारोह में सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, जिला सहकारी संघ तथा विभिन्न पैक्स समितियों के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला सहकारी संघ के जनसंपर्क अधिकारी पिंकेश भट्ट ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!