संवाददाता बैतूल देवी नाथ लोखंडे
बैतूल। शाहपुर पुलिस ने करीब पांच माह पहले हुई 5 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात तथा वारदात में प्रयुक्त मारुति स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। वहीं मामले का दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने ₹10,000 का इनाम घोषित किया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे तथा एसडीओपी शाहपुर राजेश तिवारी के मार्गदर्शन में शाहपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर मामले की गहन जांच की।
पुलिस के अनुसार, 18 फरवरी 2026 को ग्राम सालीमेट निवासी रश्मि धुर्वे के सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 82/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने जितेन्द्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा, निवासी ग्राम भटेरा, थाना पलोहा, जिला नरसिंहपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपने साथी कृष्ण कुमार चौरे उर्फ बबलू, निवासी जिला छिंदवाड़ा के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात एवं वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और उसकी गिरफ्तारी अथवा सूचना देने वाले को ₹10,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे, अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ निरीक्षक आबिद अंसारी, चौकी प्रभारी भौंरा नीरज खरे, स.उ.नि. भरतनाथ सिंह, प्रधान आरक्षक सुभाष मकोड़े, शेख शाहिद, आरक्षक धीरज काले, जयकिशन विश्वकर्मा, चालक पवन एनिया तथा डॉग मास्टर विवेक गाडगे की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि घर लंबे समय तक खाली छोड़ने पर इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और पड़ोसियों को दें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 या निकटतम पुलिस थाने को दें।

