रतलाम में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम: पोलो ग्राउंड पर जुटेंगे शहर और ग्रामीण के लोग, कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप होंगे मुख्य अतिथि
रतलाम /मध्यप्रदेश
रतलाम: अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रतलाम जिले में जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन आज (रविवार, 21 जून) शहर के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड पर किया जा रहा है। इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं उद्यम विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री चेतन्य काष्यप होंगे।
जिला प्रशासन द्वारा सामूहिक योगाभ्यास में भाग लेने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में रतलाम शहर के साथ-साथ रतलाम ग्रामीण क्षेत्र के नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे।पंजीयन और ड्रेस कोड: एकरूपता के लिए सफेद शर्ट और ब्लैक लोअर
प्रशासन ने कार्यक्रम को व्यवस्थित और अनुशासित बनाने के लिए एक विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया है। योगाभ्यास के इच्छुक सभी प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे सफेद रंग की शर्ट/टी-शर्ट और काले (ब्लैक) रंग का लोअर पहनकर आएं, ताकि पूरे मैदान पर योग की एकरूपता दिखाई दे।
पंजीयन की सुविधा:
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन: सामूहिक योगाभ्यास का हिस्सा बनने के लिए इच्छुक लोग ऑनलाइन लिंक https://forms.gle/nBTogifSWW616QZH6 पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन: जो लोग ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पाए हैं, उनके लिए पोलो ग्राउंड पर ही प्रातः 5:45 से 6:00 बजे के बीच ऑन-स्पॉट पंजीयन की विशेष सुविधा उपलब्ध रहेगी।
तहसील स्तर पर भी होंगे कार्यक्रम, यहाँ बनाए गए केंद्र
जिला मुख्यालय के अलावा जिले की अन्य तहसीलों और विकासखंडों में भी योग दिवस के लिए विशेष केंद्र बनाए गए हैं, जहां स्थानीय नागरिक जाकर योगाभ्यास कर सकेंगे:
जावरा क्षेत्र: सीएम राइज स्कूल, जावरा, सैलाना क्षेत्र: सीएम राइज बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सैलाना,पिपलौदा क्षेत्र: शासकीय स्कूल, रियावन,बाजना क्षेत्र: शासकीय बालक विद्यालय, बाजना ,आलोट क्षेत्र: कृषि उपज मंडी, आलोट।
कलेक्टर ने तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश सफल आयोजन को लेकर कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल (पोलो ग्राउंड) पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए हैं ताकि सुबह आने वाले योग साधकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित:तैयारियों के जायजे के दौरान अपर कलेक्टर डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना, शहर एसडीएम श्री तरुण जैन, डीएसपी श्री आनंद स्वरूप सोनी, श्रीमती प्रीति साठे, आयुष विभाग से डॉ. आशीष राठौर, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. मनीष सिंह, आशा दुबे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

