कलेक्टर संजय सोनवाने, एसपी वीरेन्द्र जैन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधियों ने किया पूजन
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश बैतूल
बैतूल, 20 अक्टूबर। विजयादशमी के अवसर पर रक्षित केंद्र बैतूल में पुलिस विभाग के शस्त्रागार में रखे शस्त्रों, आयुध सामग्री और शासकीय वाहनों का विधि-विधान से पूजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय सोनवाने, पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
शस्त्र पूजन के दौरान शाहपुर विधायक गंगाबाई उइके और आमला विधायक योगेश पंडाग्रे ने भी पूजा-अर्चना की। दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन की परंपरा शक्ति, साहस, अनुशासन और धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक मानी जाती है। यह पुलिस बल को कर्तव्यनिष्ठा के साथ समाज में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम, रक्षित निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जनसेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।
जिला बैतूल पुलिस की ओर से जिलेवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की गई।

