देहात पुलिस की कार्रवाई, दो मामलों में 1.21 लाख रुपये की संपत्ति जब्त; चोरी के आरोप में चार आरोपी गिरफ्तार
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा, 19 अक्टूबर। खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल की लीड चोरी करने वाले चार आरोपियों को देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अलग-अलग मामलों में करीब 1200 फीट बोरवेल लीड बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार 100 रुपये बताई गई है। दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम गुरैया निवासी रामकृपाल साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 15 और 16 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति उसके खेत से करीब 300 फीट बोरवेल लीड चोरी कर ले गया। इसी दौरान आसपास के खेतों से मोहन प्रजापति के खेत से 20 फीट, देवीसिंह चौरिया के खेत से 70 फीट और तिलकराम प्रजापति के खेत से 25 फीट लीड चोरी होने की शिकायत भी सामने आई। कुल करीब 415 फीट लीड की अनुमानित कीमत 55 हजार रुपये बताई गई। इस मामले में देहात थाने में अपराध क्रमांक 618/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में प्रकरण दर्ज किया गया।
इसी तरह, चारफाटक निवासी अंकुर शुक्ला ने शिकायत की कि 13 अक्टूबर को गैरिया रिंग रोड स्थित उसके खेत से करीब 800 फीट बोरवेल लीड और सिंचाई ड्रिप के 10 बंडल चोरी कर लिए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 619/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी
दोनों मामलों में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। पुलिस ने 18 अक्टूबर को मिली सूचना के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खेतों से बोरवेल लीड चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही और कब्जे से दोनों मामलों में करीब 1200 फीट लीड जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश उइके (29), वीरेंद्र टेकाम (40), बुधमान भारती (38) और विनय सरयाम (32) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग गांवों के निवासी हैं और उनके विरुद्ध संबंधित थानों में पूर्व के आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत सहित पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों और साइबर सेल की भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक अजय पांडे ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
पुलिस ने किसानों से अपील की है कि खेतों में लगे बोरवेल, मोटर और सिंचाई उपकरणों की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।।

