थाने का औचक निरीक्षण, पुलिस अधीक्षक सख्त, कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली पर कसा शिकंजा

सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के दिए निर्देश।

झाबुआ / पुलिस दर्पण

जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने मंगलवार को थाना मेघनगर का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्थाओं और लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।

एसपी ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम नानिया सात में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस, वन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर स्थित मालखाना और हवालात का भी बारीकी से अवलोकन किया। हवालात में बंदियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं मालखाने में रखे हथियारों एवं जब्त सामग्री का अभिलेखों से मिलान कर रखरखाव की स्थिति की समीक्षा की गई।
प्रशासनिक समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों की स्थिति पर विशेष ध्यान देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लंबित प्रकरण बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही सीसीटीएनएस एवं एनसीआरपी पोर्टल पर ऑनलाइन डेटा एंट्री, साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों और उनके निराकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
एसपी पाटीदार ने अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रात्रिकालीन गश्त को और अधिक सक्रिय एवं परिणाममूलक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
निरीक्षण के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को विभागीय स्तर पर सम्मानित एवं पुरस्कृत किए जाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *