पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान
नागदा में पत्रकारों का महाकुंभ, संगठन विस्तार और सुरक्षा पर बनी रणनीति
उज्जैन / पुलिस दर्पण
उज्जैन । नागदा (निप्र)- मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ (एमपीडब्ल्यूजेयू) के जिला अध्यक्ष राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में नागदा स्थित रंगोली होटल एंड रिसोर्ट में जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। सम्मेलन में संघ के प्रांतीय अध्यक्ष शलभ भदौरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मेलन में पत्रकारों के हितों, सुरक्षा, संगठन की मजबूती तथा समसामयिक मीडिया विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। अपने संबोधन में शलभ भदौरिया ने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों एवं सम्मान की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए संघ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम में नागदा-खाचरौद विधायक डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान, पूर्व विधायक जितेंद्र गेहलोत, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुल्तान सिंह शेखावत, भाजपा ग्रामीण जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ तथा नगर पालिका परिषद नागदा के अध्यक्ष संतोष ओ.पी. गहलोत सहित वरिष्ठ पत्रकारों एवं संगठन के प्रदेश, संभाग और जिला पदाधिकारियों ने सहभागिता की।
संघ के जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश बोहरा ने बताया कि नागदा, बड़नगर, महिदपुर सिटी, उन्हेल, महिदपुर रोड, खाचरौद, झालड़ा तथा उज्जैन सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पत्रकार सम्मेलन में शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन शरद गुप्ता ने किया, जबकि जितेंद्र चौहान ने आभार व्यक्त किया। सम्मेलन में आए पत्रकारों के पंजीयन की व्यवस्था ब्रजेश बोहरा एवं रवि रघुवंशी ने संभाली। आयोजन की सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित रहीं।
सम्मेलन का समापन पत्रकार एकता, संगठन विस्तार एवं पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों ने जिला अध्यक्ष राजेश रघुवंशी के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन की सराहना करते हुए इसे पत्रकार हितों के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी आयोजन बताया।

