38 हजार रुपये से अधिक की मदिरा व लहान जब्त
रतलाम / पुलिस दर्पण
जिला कलेक्टर सुश्री मिशा सिंह के निर्देशन तथा प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मण्डलोई के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार 27 जून को सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई कर अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा।
आबकारी उपनिरीक्षक सचिन भास्करे के नेतृत्व में ग्राम रानीसिंग, लबानीपाड़ा, कबूतरिया फांटा एवं रावटी में कार्रवाई करते हुए 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा, 300 किलोग्राम लहान तथा 20 पाव देशी मदिरा मसाला जब्त किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 04 प्रकरण दर्ज किए गए।
जब्त मदिरा एवं लहान की कुल अनुमानित कीमत 38,140 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई में आबकारी आरक्षक रामचरण पवार, वरुण चौहान तथा नगर सैनिक नरेंद्र सिंह भाटी ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

