UPI फ्रॉड, QR कोड स्कैम, फेक लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव के दिए महत्वपूर्ण सुझाव।
बैतूल | पुलिस दर्पण | संवाददाता देवीनाथ लोखंडे
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार संचालित SAFE CLICK–2.0 राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान के पंचम दिवस पर रविवार को जिला पुलिस बैतूल द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आमजन, व्यापारियों एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के निर्देशन में थाना सारणी पुलिस ने साप्ताहिक हाट बाजार में लोगों को UPI Fraud, QR Code Scam, Fake Link, APK Scam, OTP Fraud तथा Digital Arrest जैसे साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। इस दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
इसी क्रम में चौकी पट्टन (थाना मुलताई) पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।
वहीं थाना शाहपुर पुलिस ने एकलव्य स्कूल छात्रावास में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के बारे में विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने कहा कि, “साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है। प्रत्येक नागरिक यदि सजग रहेगा, तो साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।”
उन्होंने जिलेवासियों से SAFE CLICK–2.0 अभियान से जुड़कर साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
साइबर सुरक्षा संदेश:ऑनलाइन लेन-देन करते समय किसी भी अनजान लिंक, QR कोड या APK फ़ाइल पर बिना सत्यापन के क्लिक न करें।
📞 साइबर हेल्पलाइन: 1930
पोर्टल: cybercrime.gov.in
“सोचें • समझें • फिर क्लिक करें”

