74 शिक्षकों को मिला हेल्थ एंड वैलनेस एम्बेसेडर प्रशिक्षण, राज्य स्तर पर फिर मिली सराहना
रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम जिले में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और जीवन कौशल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में ‘उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस’ कार्यक्रम के तहत 74 शिक्षकों को तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों के चयनित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों से एक-एक महिला और पुरुष शिक्षक को दो बैचों में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण का संचालन राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एवं जिला नोडल अधिकारी योगेश पाल के नेतृत्व में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर राजेश माहेश्वरी, सुनीता नारले, प्रिया जोशी, स्मृति श्रीवास्तव, सुरभि व्यास एवं गुरप्रीत कौर द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में अनुभवात्मक शिक्षण पद्धति, समूह गतिविधियों और व्यवहारिक अभ्यास के माध्यम से शिक्षकों को स्कूल हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम के प्रभावी संचालन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विद्यालयों में हेल्थ एंड वैलनेस सत्रों का संचालन, विभिन्न गतिविधियों के क्रियान्वयन तथा ‘आरोग्यदूत’ के चयन की प्रक्रिया भी विस्तार से समझाई गई। साथ ही कक्षा 9वीं से 12वीं तक के मॉड्यूल उपलब्ध कराए गए, जिनका उपयोग करते हुए 30 जून 2026 से जिले के विद्यालयों में कार्यक्रम का क्रियान्वयन शुरू हो चुका है।
बी.जी.एम.एस. इंदौर की डॉ. ज्योति शिपणकर ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया और बताया कि उमंग स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रतलाम जिले को राज्य स्तर पर प्रशंसा प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 से संचालित जीवन कौशल शिक्षा कार्यक्रम में रतलाम जिला लगातार लगभग छह वर्षों से प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है तथा अन्य वर्षों में भी शीर्ष तीन जिलों में अपनी मजबूत उपस्थिति बनाए हुए है।
जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी एवं जिला नोडल अधिकारी योगेश पाल ने बताया कि यह कार्यक्रम समग्र शिक्षा अभियान, यूएनएफपीए (United Nations Population Fund), भारतीय ग्रामीण महिला संघ (BGMS), इंदौर, स्कूल शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की सफलता पर जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी, सहायक संचालक शिक्षा राहुल मंडलोई, एडीपीसी अशोक लोढ़ा, रोहित शर्मा, अंजली पंड्या एवं जया जैन ने उमंग टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

