महिला सुरक्षा, जेंडर समानता और बालिका सशक्तिकरण को नई गति देने की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस और यूएन विमेन इंडिया ने मिलाया हाथ

महिला सुरक्षा को मिलेगा वैश्विक सहयोग का नया आयाम: यूएन विमेन इंडिया और मध्यप्रदेश पुलिस ने मिलाया हाथ
भोपाल | पुलिस दर्पण
महिला सुरक्षा, जेंडर समानता और बालिका सशक्तिकरण को नई गति देने की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस और यूएन विमेन इंडिया के बीच महत्वपूर्ण संवाद हुआ। पुलिस मुख्यालय, भोपाल में यूएन विमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटिव शोको इशिकावा ने पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा से शिष्टाचार भेंट कर महिला सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग, साइबर जागरूकता, बालिका सुरक्षा तथा नशा मुक्ति जैसे अहम विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने मध्यप्रदेश पुलिस की अभिनव पहल ‘सृजन’, #SafeClick2.0, ‘नशे से दूरी है ज़रूरी’ तथा ऑपरेशन मुस्कान की जानकारी साझा करते हुए कहा कि सुरक्षित, संवेदनशील और सहभागी पुलिसिंग ही महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से ही महिला सुरक्षा के लक्ष्य को प्रभावी रूप से हासिल किया जा सकता है।
यूएन विमेन इंडिया की कंट्री रिप्रेजेंटिव शोको इशिकावा ने मध्यप्रदेश पुलिस की जेंडर-संवेदनशील कार्यशैली, महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता, सामुदायिक सहभागिता और पुनर्वास आधारित पहलों की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग एवं अनुभवों के आदान-प्रदान को और मजबूत बनाने की इच्छा व्यक्त की।
बैठक में यूएन विमेन इंडिया की डिप्टी कंट्री रिप्रेजेंटेटिव कांता सिंह, स्टेट रिप्रेजेंटेटिव जोयात्री रे, PSO to DGP डॉ. विनीत कपूर तथा SO to DGP मलय जैन भी उपस्थित रहे।
यह बैठक महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में वैश्विक सहयोग और मध्यप्रदेश पुलिस की जनहितकारी पहलों को नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!