झाबुआ / पुलिस दर्पण
सेवा भाव एवं संवेदनशीलता से कार्य करने का दिया संदेश
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित होकर जिले में पदस्थापित 20 नव नियुक्त मेडिकल ऑफिसर्स के साथ बैठक आयोजित कर संवाद किया। बैठक में कलेक्टर ने सभी चिकित्सकों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके पदस्थापना स्थल एवं कार्यक्षेत्र के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें जनसेवा के प्रति समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि समाज में चिकित्सकों को भगवान का दर्जा दिया जाता है और इस सम्मानजनक दायित्व को सार्थक करने के लिए सेवा भाव, समर्पण एवं मानवीय संवेदनाओं के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में कार्यरत चिकित्सकों की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि यहां स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं पहुंच सुनिश्चित करना एक बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति सहानुभूति एवं समानुभूति के भाव के साथ कार्य करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी नव नियुक्त मेडिकल ऑफिसर्स से उनकी अपेक्षाओं, कार्यशैली एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
कलेक्टर ने अपने चिकित्सकीय सेवाकाल के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि एक चिकित्सक का व्यवहार एवं संवेदनशीलता मरीज और उसके परिजनों में विश्वास उत्पन्न करती है। उन्होंने सभी चिकित्सकों से ईमानदारी, समर्पण एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं शिशु स्वास्थ्य को जिले की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, उपचार एवं नियमित निगरानी, एएनसी जांच तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित समस्त गतिविधियों को गंभीरता एवं पूर्ण ईमानदारी के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में कार्यरत चिकित्सकों की सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं, जिससे वे निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस अवसर पर गवर्नमेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन की जिला इकाई द्वारा राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के उपलक्ष्य में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एम एल चोपड़ा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेन्द्र भायल, चिकित्सक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

