जैन धर्म के तपस्वी सम्राट एवं अंतरमना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर जी महाराज के अतिशय क्षेत्र मक्सी में भव्य मंगल प्रवेश

अतिशय क्षेत्र मक्सी में आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर जी महाराज का भव्य मंगल प्रवेश, जयघोष और श्रद्धा-भक्ति से गुंजायमान हुआ नगर

हजारों श्रद्धालुओं ने किया स्वागत, समाज के प्रमुख जनों ने पाद प्रक्षालन, शास्त्र-भेट एवं मंगल आरती कर लिया आशीर्वाद

उज्जैन | पुलिस दर्पण

जैन धर्म के प्रखर प्रवक्ता, तपस्वी सम्राट एवं अंतरमना आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर जी महाराज के अतिशय क्षेत्र मक्सी में भव्य मंगल प्रवेश के साथ पूरा नगर श्रद्धा, भक्ति और धर्ममय वातावरण में रंग गया। नगर सीमा से प्रारंभ हुई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु “आचार्य श्री प्रसन्न सागर जी महाराज की जय” के जयघोष के साथ शामिल हुए। पूरा मक्सी क्षेत्र धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा से गुंजायमान रहा।
फेडरेशन के मीडिया प्रभारी राजेश जैन ‘दद्दू’ ने बताया कि इस अवसर पर मक्सी ट्रस्ट कमेटी, महावीर ट्रस्ट, अष्टापद बद्रीनाथ ट्रस्ट, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन तथा इंदौर दिगंबर जैन समाज सामाजिक संसद के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से भाग लिया। समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने आचार्य श्री का पाद प्रक्षालन, शास्त्र-भेट एवं मंगल आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्वागत समारोह में समाजश्रेष्ठी अमित कासलीवाल, आदित्य कासलीवाल, आनंद गोधा, एम.के. जैन, मनोहर झांझरी, अश्विन कासलीवाल, सुशील पांड्या, दिलीप पाटनी, कमलेश कासलीवाल, संजय पापड़ीवाल, राकेश विनायका सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। महिलाओं ने मंगल कलश लेकर आचार्य श्री की अगवानी की, जिससे पूरा अतिशय क्षेत्र भक्ति और आस्था के रंग में रंग गया।
अपने प्रेरक उद्बोधन में आचार्य श्री 108 प्रसन्न सागर जी महाराज ने कहा कि जीवन का वास्तविक सौंदर्य अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और ब्रह्मचर्य के पालन में निहित है। उन्होंने युवा पीढ़ी से जैन संस्कृति और संस्कारों को अपनाकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
आयोजन को सफल बनाने में मक्सी ट्रस्ट कमेटी एवं समस्त समाज बंधुओं का सराहनीय योगदान रहा। भव्य मंगल प्रवेश ने क्षेत्र में धार्मिक चेतना और आध्यात्मिक जागरण का नया संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!