शिवपुरी। पुलिस दर्पण
शिवपुरी मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शिवपुरी में अडानी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास किया। लगभग ₹2,500 करोड़ के निवेश वाली यह परियोजना राज्य को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यह प्लांट मिसाइल निर्माण, कंपोजिट प्रोपेलेंट और टीएनटी कॉम्प्लेक्स जैसी अत्याधुनिक रक्षा उत्पादन सुविधाओं से लैस होगा। परियोजना के शुरू होने से शिवपुरी और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र देश के प्रमुख डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरेंगे। साथ ही स्थानीय एमएसएमई उद्योगों को रक्षा उत्पादन आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ने का अवसर मिलेगा और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। सरकार ने इस निवेश को ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

