एमपी पुलिस में प्रमोशन की बड़ी तैयारी: 10 हजार पुलिसकर्मियों को पदोन्नति देने की प्रक्रिया तेज

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय सक्रिय, आरक्षक से निरीक्षक स्तर तक पदोन्नति की कवायद तेज

भोपाल | पुलिस दर्पण

मध्यप्रदेश पुलिस में लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के बाद गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय ने पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी ला दी है। प्रशासनिक तैयारियों के तहत प्रदेशभर में करीब 10 हजार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नति देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, पदोन्नति प्रक्रिया में आरक्षक से प्रधान आरक्षक, प्रधान आरक्षक से सहायक उपनिरीक्षक (ASI), ASI से उपनिरीक्षक (SI) तथा उपनिरीक्षक से निरीक्षक स्तर तक के पद शामिल हैं। निरीक्षक से डीएसपी पद पर पदोन्नति के लिए भी गृह विभाग और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के बीच आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि गृह विभाग ने पदोन्नति नीति-2025 के तहत आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी इकाइयों से पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों की अद्यतन जानकारी मंगाई है, ताकि प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जा सके। जिन मामलों में न्यायालयीन विवाद की संभावना है, वहां संबंधित अभिलेखों की समीक्षा भी की जा रही है।
सरकार का उद्देश्य लंबे समय से लंबित पदोन्नतियों का निराकरण कर पुलिस बल में रिक्त पदों को भरना और अधिकारियों-कर्मचारियों के मनोबल को मजबूत करना है। पदोन्नति प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेशभर में पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!