महिला सशक्तिकरण के तहत लाड़ली बहनों को ₹1835 करोड़ की सौगात

लाड़ली बहनों को ₹1835 करोड़ की सौगात, भिंड को 322 करोड़ के विकास कार्यों का तोहफा; CM डॉ. मोहन यादव बोले— महिला सशक्तिकरण हमारी पहली प्राथमिकता।

भिंड / ग्वालियर पुलिस दर्पण

भिंड । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिंड जिले के लहार में आयोजित लाड़ली बहना योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में 38वीं किस्त के रूप में ₹1835 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस अवसर पर उन्होंने भिंड जिले को 322 करोड़ रुपये लागत के 56 विकास कार्यों की सौगात भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार की सबसे बड़ी और क्रांतिकारी पहल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की पहली प्राथमिकता है और ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना सरकार का लक्ष्य है।
महत्वपूर्ण घोषणाएँ
प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को ₹1835 करोड़ की 38वीं किस्त जारी।
भिंड जिले को ₹322 करोड़ के 56 विकास कार्यों की सौगात।
प्रदेश में जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा।
लहार में पीजी कक्षाओं के विस्तार की घोषणा।
4 नए सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण।
प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की प्रक्रिया इसी माह शुरू करने की तैयारी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल अंचल तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और भिंड जिले में विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा उपस्थित लाड़ली बहनों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। भिंड प्रवास के दौरान उन्होंने दंदरौआ सरकार धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!