ग्वालियर | पुलिस दर्पण
ग्वालियर । मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि प्रदेश सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के साथ हर कदम पर खड़ी है तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापार एवं उद्योग से जुड़े मुद्दों के निराकरण के लिए हर तीन माह में संवाद बैठक आयोजित की जाएगी। यह पहल केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।
रविवार को ग्वालियर में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की जिला इकाई द्वारा आयोजित “व्यापार उद्योग संवाद” कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। इन्वेस्टर समिट और क्षेत्रीय औद्योगिक कॉन्क्लेव के माध्यम से प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश आया है, जिससे रोजगार और आर्थिक विकास को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने में व्यापारियों और उद्यमियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि समावेशी और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम में व्यापारियों और उद्यमियों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रभारी मंत्री के समक्ष रखीं। उद्यमी अंजलि बत्रा ने ग्वालियर में प्रदर्शनी केंद्र (एक्जीबिशन सेंटर) तथा महिला औद्योगिक क्षेत्र की मांग रखी। इस पर श्री सिलावट ने बताया कि ग्वालियर मेला परिसर में एक्जीबिशन सेंटर विकसित किया जा रहा है और महिला औद्योगिक क्षेत्र के प्रस्ताव पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों ने शंकरपुर औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव, खराब सड़कों और आधारभूत सुविधाओं की समस्या उठाई, जिस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। वहीं रियल एस्टेट से जुड़े उद्यमियों द्वारा एफएआर (FAR) संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग पर उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय पर जल्द ही भोपाल में मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा।
कार्यक्रम में कैट के राष्ट्रीय संगठन मंत्री भूपेन्द्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर, जीडीए उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, अपर आयुक्त नगर निगम प्रदीप तोमर, कैट जिला अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

