किसानों के लिए बड़ी राहत! ई-विकास प्रणाली में बदला नियम, अब दूसरी बुकिंग में जरूरत के अनुसार मिलेगा यूरिया

कृषि विभाग का स्पष्टीकरण—पहली बुकिंग का पूरा उठाव करने के बाद किसान अपनी फसल की आवश्यकता के अनुसार किसी भी उर्वरक की कर सकेंगे बुकिंग

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । जिले के किसानों के लिए उर्वरक वितरण को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। किसानों की ओर से लगातार उठाई जा रही शंकाओं के बीच कृषि विभाग ने ई-विकास प्रणाली को लेकर महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है।

उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास, रतलाम ने बताया कि ई-विकास प्रणाली के तहत यदि किसान पहली बार बुक किए गए टोकन की पूरी खाद का उठाव कर लेते हैं, तो दूसरी बार टोकन बुक करते समय वे अपनी फसल की आवश्यकता के अनुसार केवल यूरिया या अन्य किसी भी उर्वरक की अलग से बुकिंग कर सकेंगे।

विभाग के अनुसार, यह सुविधा विशेष रूप से मक्का, कपास एवं अन्य खड़ी फसलों की टॉप ड्रेसिंग के समय किसानों के लिए लाभदायक होगी। अब किसानों को दूसरी बार खाद लेने के दौरान अपनी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक चुनने की सुविधा मिलेगी, जिससे समय पर फसल को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराया जा सकेगा।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे ई-विकास प्रणाली के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पहली बुकिंग का पूरा उठाव करें और उसके बाद दूसरी बुकिंग में अपनी जरूरत के अनुसार उर्वरक का चयन करें। विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य उर्वरकों का पारदर्शी, व्यवस्थित और किसानों की जरूरत के अनुरूप वितरण सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!