स्वास्थ्य परीक्षण के साथ दवाइयों का वितरण, स्वच्छता और हाथ धोने की सही विधि का भी कराया प्रदर्शन
रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम । शासकीय अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास, चिकलाना में छात्राओं के स्वास्थ्य एवं जागरूकता को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्रावास की बालिकाओं के साथ स्टाफ का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को टीबी (क्षय रोग) के लक्षण, बचाव एवं समय पर उपचार की जानकारी देते हुए नियमित जांच और जागरूकता का महत्व बताया। इसके अलावा वर्षा ऋतु में फैलने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को हाथ धोने की सही विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन कर स्वच्छता अपनाने और संक्रमण से बचाव के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी तनुजा गंधर्व, एएनएम श्रीमती प्रेमलता गोदा, आशा कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्य विभाग का अन्य स्टाफ उपस्थित रहा। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और बीमारियों की समय पर रोकथाम सुनिश्चित करना है।

