सचिव की मनमानी से परेशान चुनालोहमा, शिकायतों के बाद भी नहीं टूटी प्रशासन की चुप्पी

बार-बार उजागर हो रही लापरवाही, फिर भी कार्रवाई नहीं; ग्रामीणों में बढ़ रहा आक्रोश

पुलिस दर्पण सवाददाता .बैतूल देवीनाथ लोखंडे

बैतूल। जनपद पंचायत भीमपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चुनालोहमा में पंचायत सचिव की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। आरोप है कि लगातार शिकायतों, समाचार प्रकाशन और औचक निरीक्षणों में अनियमितताएं सामने आने के बावजूद सचिव की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ है। इससे पंचायत व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कार्यालय समय पर नहीं खुलता, जनता होती है परेशान

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत कार्यालय निर्धारित समय पर नहीं खुलता और सचिव अक्सर घंटों देरी से पहुंचते हैं। इसके कारण जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास योजना सहित अन्य जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों को कई-कई बार पंचायत के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

शिकायतों का भी नहीं दिख रहा असर

ग्रामीणों का कहना है कि सचिव की लापरवाही को लेकर कई बार लिखित शिकायतें की गईं और समाचार पत्रों में भी मामला प्रमुखता से प्रकाशित हुआ, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इससे लोगों में यह धारणा बन रही है कि सचिव को किसी प्रभावशाली संरक्षण का लाभ मिल रहा है।

निरीक्षण में अनुपस्थित मिले, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, विगत वर्ष ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में भी सचिव दोपहर तक कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए थे। इसके अलावा उपसरपंच अर्चना राठौर एवं ग्रामीणों द्वारा कई बार पंचनामा तैयार कर प्रशासन को सौंपा गया, लेकिन कार्रवाई के नाम पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

लगातार उपेक्षा से नाराज ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पंचायत सचिव की कार्यशैली पर शीघ्र अंकुश नहीं लगाया गया और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनपद पंचायत और जिला प्रशासन के खिलाफ आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।

अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर शिकायतों के ढेर और निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या चुनालोहमा की जनता को जवाबदेह प्रशासन का इंतजार अभी और करना होगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!