दो आरोपी गिरफ्तार, बिना नंबर की बाइक जब्त; एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
शाहपुर। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए शाहपुर पुलिस ने देशावाड़ी-बरेठा रोड पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से शराब ले जा रहे दो 18 वर्षीय युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से देशी और अंग्रेजी (गोवा) शराब की 57.240 लीटर मात्रा, जिसकी कीमत करीब 29,060 रुपये बताई गई है, बरामद की गई। शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की काले रंग की हीरो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बोरी और थैलों में शराब भरकर देशावाड़ी से बरेठा की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पुलिया के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दोनों युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान अरुण नागरवार निवासी मेघनाथ मोहल्ला, देशावाड़ी और रोहित उईके निवासी देशावाड़ी के रूप में हुई। दोनों शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शराब परिवहन से जुड़े आकाश ठाकरे निवासी देशावाड़ी की तलाश जारी है।
कार्रवाई थाना प्रभारी अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में की गई। इसमें सउनि राजेश गहलोद सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

