कलेक्टर रुचिका चौहान की पहल को मिला समाज का सहयोग, कैट एवं दाल बाजार के व्यापारियों ने बढ़ाया मदद का हाथ
ग्वालियर | पुलिस दर्पण
ग्वालियर । मानसिक रूप से अस्वस्थ बच्चों के लिए संचालित मर्सी होम में सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की विशेष पहल पर समाज के विभिन्न वर्ग लगातार मर्सी होम के संचालन और बच्चों की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर रहे हैं।
इसी क्रम में कैट (कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स) के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन के नेतृत्व में दाल बाजार के व्यापारी नंदलाल जैसवानी एवं तरुण जैसवानी ने मर्सी होम के बच्चों के लिए एक एलईडी टीवी भेंट किया।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की उपस्थिति में कैट पदाधिकारियों और व्यापारियों ने मर्सी होम पहुंचकर बच्चों को एलईडी टीवी सौंपा। इस दौरान बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने समाज के सहयोगियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने समाज के सहयोगी नागरिकों और व्यापारियों की इस संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक सहभागिता से जरूरतमंद बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
यह पहल समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने और जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां लाने का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।

