‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को मिला नया संबल, संभागायुक्त और आईजी ने किया पौधरोपण, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

राजगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प, नागरिकों से भी की जनभागीदारी की अपील

राजगढ़ | पुलिस दर्पण

राजगढ़ । मध्यप्रदेश शासन के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत गुरुवार को राजगढ़ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित बगिया में भोपाल संभाग के संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) देहात भोपाल संभाग श्रीमती रूचि वर्धन सिंह ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश दिया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए नागरिकों से भी इस जनअभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

संभागायुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने कहा कि वृक्ष प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और पर्यावरण संतुलन, स्वच्छ वायु तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

आईजी श्रीमती रूचि वर्धन सिंह ने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान मातृत्व के सम्मान और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का प्रेरक संदेश देता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो यह अभियान पर्यावरण संरक्षण का एक सशक्त जनआंदोलन बन सकता है।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर हरित, स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

प्रदेश में चल रहा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!