थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश, साइबर ठगी, नशा तस्करी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध और लंबित मामलों पर विशेष फोकस
रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम । जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था, गंभीर अपराधों, लंबित प्रकरणों और पुलिस कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो, एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल सहित जिले के सभी सीएसपी, एसडीओपी, थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
इन मामलों पर हुई गहन समीक्षा
बैठक के दौरान विगत समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन की समीक्षा की गई। साथ ही गंभीर अपराधों की विवेचना, लंबित अपराध एवं मर्ग, अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी, चिन्हित अपराधियों पर कार्रवाई तथा अपराधों में वृद्धि वाले थाना क्षेत्रों का विश्लेषण कर सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान गंभीर संपत्ति संबंधी अपराध, आदतन अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई, अवैध मादक पदार्थ एवं अवैध शराब के विरुद्ध अभियान, ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम एवं अपहृत बच्चों की तलाश तथा सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के त्वरित निराकरण पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी अमित कुमार के आठ अहम निर्देश
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि—
लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष टीमें गठित की जाएं।
साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर ठगी गई राशि होल्ड कराई जाए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान चलाए जाएं।
अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर विशेष अभियान चलाकर तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
सीएम हेल्पलाइन सहित सभी शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण किया जाए।
फरार एवं स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सतत निगरानी रखी जाए।
सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए थाना प्रभारी नियमित जनसंवाद आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करें।
जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि “अपराध नियंत्रण एवं जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाएं तथा जनता के साथ संवाद को और अधिक मजबूत बनाएं।”
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी पर अंकुश, साइबर अपराधों की रोकथाम और जनता की सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

