एक माह में चार भैंस चोरी, फिर भी खाली हाथ पुलिस! आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव, दी चक्काजाम की चेतावनी

नामली थाना क्षेत्र के ग्राम सिखेड़ी में बढ़ी चोरी की वारदातें, ग्रामीण बोले—’तीन दिन में खुलासा नहीं हुआ तो होगा आंदोलन’

नामली / रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम । जिले के नामली थाना क्षेत्र के ग्राम सिखेड़ी में लगातार हो रही भैंस चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक माह में चार भैंस चोरी हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण नामली थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर करीब तीन घंटे से अधिक समय तक थाने के बाहर बैठे रहे।

ग्रामीणों का आरोप है कि काफी देर बाद पुलिस ने उनका आवेदन स्वीकार किया। ग्रामीणों का कहना है कि एक माह पहले हुई चोरी के मामलों में पुलिस ने तीन दिन के भीतर खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई।

आवेदन में क्या लिखा है?

18 जुलाई 2026 दिनांकित आवेदन में, जो थाना प्रभारी अमित कोरी को संबोधित है, ग्राम सिखेड़ी के ग्रामीणों ने उल्लेख किया है कि गांव में एक माह के भीतर बार-बार भैंस चोरी की घटनाएं हुई हैं। आवेदन में कहा गया है कि यदि तीन दिन के भीतर चोरी का खुलासा और आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त ग्रामीण शांतिपूर्ण तरीके से सड़क जाम (चक्काजाम) और आंदोलन करेंगे।

ग्रामीणों ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि समय सीमा के बाद चक्काजाम की स्थिति बनती है, तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं इस संबंध में पुलिस का पक्ष सामने आना शेष है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!