रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। कलेक्टर कार्यालय रतलाम में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 108 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।
जनसुनवाई में प्राप्त निराकरण योग्य मामलों का मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से समाधान कराया गया, जबकि शेष आवेदनों के समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को आवश्यक निर्देश दिए गए। जनसुनवाई में बोदिना निवासी कविता परिहार ने पिता के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए।
वहीं ईश्वर नगर निवासी चतरूलाल ने फर्नीचर निर्माण कार्य की 66 हजार रुपये की बकाया मजदूरी दिलाने की मांग की। उनका आरोप था कि ठेकेदार ने केवल 22 हजार रुपये का भुगतान किया और शेष राशि मांगने पर अभद्र व्यवहार किया। इस मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए लेबर ऑफिसर को निर्देशित किया गया।
इसके अलावा बीरमावल गांव के ग्रामीणों ने अतिक्रमण के कारण बंद हुए रास्ते को पुनः चालू कराने की मांग करते हुए आवेदन दिया। मामले में कार्रवाई के लिए एसडीएम रतलाम ग्रामीण को निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

