पति बना पत्नी का हत्यारा: शाहपुर पुलिस ने 48 घंटे में किया गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद

संवाददाता बैतूल देवीनाथ लोखंडे

बैतूल, 19 जुलाई। बैतूल जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को फरियादी अवतार धुर्वे ने शाहपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता भरत धुर्वे ने उसकी माता कलावती धुर्वे के साथ मारपीट कर उनकी हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर शाहपुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 367/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे एवं एसडीओपी शाहपुर राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट, डॉग स्क्वॉड और थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान 19 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी अपने ग्राम पाठई स्थित घर पहुंचा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि घरेलू विवाद के दौरान गुस्से में उसने पत्नी पर लाठी से हमला किया था। बाद में उसकी मृत्यु हो गई। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा और घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए गए।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमरे, उपनिरीक्षक सोनम साहू, प्रधान आरक्षक सेवलाल कलमे, प्रधान आरक्षक संजेश धुर्वे, आरक्षक विकास मसीह, आरक्षक प्रमोद, आरक्षक सलमान तथा आरक्षक राजकुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील:
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने नागरिकों से पारिवारिक विवाद या घरेलू तनाव की स्थिति में कानून हाथ में न लेने, संवाद और कानूनी सहायता का सहारा लेने तथा किसी भी गंभीर अपराध या घरेलू हिंसा की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!