नामली | पुलिस दर्पण
क्षेत्र में लगातार बारिश नहीं होने और खेतों में सूखे जैसे हालात बनने से चिंतित नगरवासियों ने आस्था का सहारा लिया है। श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में नगर के वरिष्ठ नागरिकों, समाजजनों एवं मंदिर समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि गुरुवार, 23 जुलाई 2026 को श्री खेड़ा देव पूजन, श्री खेड़ापति हनुमान मंदिर पर वैदिक यज्ञ तथा इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए पारंपरिक ‘उज्जैनी’ का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि आयोजन के दौरान नगर के सभी व्यापारी स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनेंगे। मंदिर समिति ने समस्त नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
नगर के वरिष्ठजनों का कहना है कि क्षेत्र में वर्षा की लंबी खिंच के कारण किसान सबसे अधिक प्रभावित हैं। खेतों में बोई गई फसलें पर्याप्त पानी के अभाव में संकट में हैं और आमजन भी गर्मी व जल संकट से परेशान हैं। ऐसे समय में स्थानीय धार्मिक परंपरा के अनुसार इंद्रदेव से अच्छी वर्षा की कामना करते हुए उज्जैनी का आयोजन किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भी इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा के कारण लोग पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों, विशेष पूजन और वर्षा प्रार्थना का सहारा ले रहे हैं। हाल के दिनों में निमाड़ सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए हैं।

