एसपी अमित कुमार ने मेडिकल विद्यार्थियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, डीजीपी कैलाश मकवाना के संदेश के साथ समाज को नशामुक्त बनाने का दिया आह्वान
रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम । नशे के खिलाफ मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” के तहत रतलाम पुलिस ने शनिवार को एक प्रभावशाली जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश दिया। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, रतलाम में आयोजित सेमिनार में पुलिस प्रशासन और चिकित्सा जगत एक मंच पर नजर आए, जहां भविष्य के डॉक्टरों ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मध्यप्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना के प्रेरक संदेश के वाचन से हुई। संदेश में युवाओं से नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज को स्वस्थ दिशा देने का आह्वान किया गया।
“भविष्य के डॉक्टर बनें नशामुक्त भारत के ब्रांड एम्बेसडर”
सेमिनार को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बर्बाद कर देता है। उन्होंने मेडिकल विद्यार्थियों से अपील की कि वे चिकित्सक बनने के साथ-साथ समाज में नशा मुक्ति के प्रेरक दूत बनें और लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
पौधा भेंट कर स्वागत, हजारों सपनों ने ली नशामुक्ति की शपथ
चिकित्सा महाविद्यालय की डीन डॉ. अनीता मुथा एवं हॉस्पिटल सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रदीप कुमार मिश्रा ने पौधा भेंट कर पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। कार्यक्रम के समापन पर एसपी अमित कुमार ने उपस्थित मेडिकल विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और जीवनभर नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प कराया।
नशा मुक्ति वार्ड का किया निरीक्षण
सेमिनार के बाद पुलिस अधीक्षक ने डीन एवं अस्पताल प्रशासन के साथ चिकित्सा महाविद्यालय के डी-एडिक्शन वार्ड (नशा मुक्ति केंद्र) का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध उपचार, काउंसलिंग एवं पुनर्वास व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर नशे के शिकार लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा की।
पूरा जिला बना जागरूकता का केंद्र
रतलाम पुलिस द्वारा अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
रतलाम पुलिस की अपील
रतलाम पुलिस ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार और समाज को भी जागरूक करें तथा “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान को जनआंदोलन बनाकर एक स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।

