महापौर के कथित वायरल ऑडियो से गरमाई सियासत, नोटिस से लेकर ’15 लोगों’ वाली चर्चा तक कई सवालों के घेरे में घटनाक्रम

रीवा। शहर की राजनीति इन दिनों एक के बाद एक घटनाक्रमों के चलते सुर्खियों में है। पहले पत्रकारों को कानूनी नोटिस भेजे जाने की चर्चाओं ने माहौल गर्माया और अब सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित वायरल ऑडियो ने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है। ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आने के बाद राजनीतिक, सामाजिक और पत्रकारिता जगत में कई सवाल उठने लगे हैं।

घटनाक्रम की शुरुआत उस समय हुई जब सोशल मीडिया पर महापौर की ओर से पत्रकारों को नोटिस भेजे जाने संबंधी पोस्ट और समाचार प्रसारित हुए। हालांकि, कई पत्रकारों का कहना है कि जिन नोटिसों की चर्चा सार्वजनिक मंचों पर हो रही थी, वे उन्हें प्राप्त ही नहीं हुए। इसी बीच एक कथित ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें महापौर और एक पत्रकार के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है।

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर “एसपी साहब से बात हो गई है”, “प्रमाण लेकर आना”, “न्यूज़ डिलीट कर दो”, “समाचार का बैलेंस करा दो” तथा “हमार लड़का 15 ढूंढ रहे थे” जैसी बातें सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। यदि यह ऑडियो वास्तविक है, तो स्वाभाविक रूप से कई गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। क्या किसी समाचार पर असहमति का समाधान तथ्यों और आधिकारिक स्पष्टीकरण से होना चाहिए या फिर पत्रकार से समाचार हटाने अथवा उसके स्वरूप में बदलाव की अपेक्षा की जानी चाहिए?

सबसे अधिक चर्चा उस कथित टिप्पणी की हो रही है, जिसमें “15 लोगों द्वारा पत्रकार को तलाशने” जैसी बात कही गई बताई जा रही है। इस दावे ने लोगों के बीच यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि यदि इतनी सक्रियता किसी पत्रकार को खोजने में दिखाई गई, तो क्या शहर की बदहाल सड़कें, जलभराव, चोक नालियां, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए भी इसी स्तर की तत्परता दिखाई गई?

पत्रकारिता से जुड़े लोगों का कहना है कि लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका सत्ता से सवाल पूछने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने की है। यदि किसी समाचार में तथ्यात्मक त्रुटि हो तो उसका जवाब दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर दिया जा सकता है, लेकिन समाचार हटाने या उसे “बैलेंस” करने जैसी चर्चाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बहस को जन्म देती हैं।

उधर, राजनीतिक हलकों में भी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सोशल मीडिया पर पक्ष और विपक्ष दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित पक्ष इस कथित वायरल ऑडियो पर क्या आधिकारिक स्पष्टीकरण देता है और आगे जांच अथवा कानूनी कार्रवाई किस दिशा में बढ़ती है।

(अस्वीकरण)
यह समाचार सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित ऑडियो, सार्वजनिक चर्चाओं एवं उपलब्ध सूचनाओं पर आधारित है। ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। समाचार में उल्लिखित दावे संबंधित पक्षों के कथित बयानों और सार्वजनिक रूप से उपलब्ध सामग्री पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!