बरगद के नीचे सजी कलेक्टर की चौपाल

दूरस्थ गांव कूड़ी पहुंचे नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, रात में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं।

नॉन-एसी बस से अधिकारियों संग पहुंचे कलेक्टर, मौके पर दिए समाधान के निर्देश; 20 लोगों को जाति प्रमाण-पत्र और 4 हितग्राहियों को पेंशन का लाभ।

रीवा | पुलिस दर्पण

रीवा । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन परखने और आमजन से सीधे संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने त्योंथर क्षेत्र के दूरस्थ एवं सीमावर्ती गांव कूड़ी में रात्रिकालीन चौपाल लगाई। कलेक्टर अधिकारियों के साथ नॉन-एसी बस से गांव पहुंचे और शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में राज्य के प्रतीक बरगद के पेड़ के नीचे ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
चौपाल में कलेक्टर ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सभी प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली हर बाधा को दूर किया जाएगा।
गांव की जागरूक बेटी दिव्या सिंह ने चौपाल में कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसी कलेक्टर ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अधिकारियों के नियमित दौरे से गांव का विकास तेज होगा और लोगों को योजनाओं का बेहतर लाभ मिलेगा।
संवाद के दौरान कलेक्टर ने स्कूल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बच्चों से पहाड़े सुनकर शिक्षा की गुणवत्ता का आकलन किया और स्कूल भवन की मरम्मत के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों में गर्भवती महिलाओं को टेक-होम राशन, टीकाकरण और अन्य सेवाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
ग्रामीणों ने बिजली की क्षतिग्रस्त केबल, बार-बार होने वाले लाइन फॉल्ट, मीटरों की कमी तथा झुके हुए बिजली खंभों की समस्या उठाई। इस पर कलेक्टर ने बिजली विभाग को तत्काल केबल बदलने, गांव में शिविर लगाकर मीटर लगाने और लटके हुए तारों एवं खंभों की मरम्मत करने के निर्देश दिए।
चौपाल में सीमांकन, बंटवारा और अन्य राजस्व मामलों से जुड़े कई आवेदन भी प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए लापरवाही पर सख्त चेतावनी दी। उन्होंने खाद्यान्न पर्ची से वंचित पात्र परिवारों को तत्काल लाभ देने, अधूरी नगर योजना पूर्ण कराने, हैंडपंपों के पानी के शुद्धिकरण तथा समाज कल्याण योजनाओं की लंबित पेंशन राशि बजट उपलब्ध होते ही हितग्राहियों के खातों में भेजने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान दो मामलों में अवैध कब्जा हटाने के आदेश मौके पर ही एसडीएम एवं तहसीलदार को दिए गए। साथ ही 20 ग्रामीणों को जाति प्रमाण-पत्र और चार हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति का लाभ प्रदान किया गया।
चौपाल में एसडीएम त्योंथर राकेश कुमार चौरसिया, उप संचालक सामाजिक न्याय अनिल दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश तांडेकर, जनपद सीईओ प्रवीण बसोड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!