देवास | पुलिस दर्पण न्यूज
देवास । स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर देवास जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग ने शहर में संचालित स्कूल बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाते हुए सुरक्षा मानकों की गहन पड़ताल की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 16 स्कूल बसों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल ₹15,000 का शमन शुल्क वसूला गया।
अभियान के तहत बीसीएम स्कूल, किंडर स्कूल, यूनानी कॉलेज, चैतन्य टेक्नो सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में संचालित स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया। परिवहन अधिकारियों ने बसों में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन निकास सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की। साथ ही वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) और अन्य वैध दस्तावेजों का भी परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई बसों में आवश्यक नियमों का पालन नहीं मिलने पर परिवहन विभाग ने तत्काल चालानी कार्रवाई करते हुए 16 बसों से ₹15 हजार का जुर्माना वसूला।
जिला परिवहन अधिकारी ने सभी स्कूल बस एवं यात्री वाहन संचालकों को निर्देशित किया कि केवल वैध दस्तावेज, जमा मोटरयान कर और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों का ही संचालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूल बसों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा प्रावधानों का पालन अनिवार्य है।
परिवहन विभाग ने चेतावनी दी है कि यह विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ आवश्यक होने पर वाहन जब्त करने जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।

