सीआरपीएफ का 88वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, शहीद मेघराज सैनी की स्मृति में ‘शहीद वाटिका’ का लोकार्पण

नीमच | पुलिस दर्पण न्यूज

नीमच । केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस के अवसर पर रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (आरटीसी), नीमच में देशभक्ति, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विविध कार्यक्रमों का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। समारोह में अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर बल की गौरवशाली परंपराओं को नमन किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं प्राचार्य आरटीसी श्री प्रमोद कुमार सिंह ने सभी अधिकारियों, जवानों और उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सीआरपीएफ के 88 वर्षों के शौर्य, पराक्रम, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के गौरवशाली इतिहास का स्मरण कराया। उन्होंने कहा कि बल की महान परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक जवान राष्ट्र सेवा के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता रहे।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं जवानों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब शहीद मेघराज सैनी की स्मृति में विकसित ‘शहीद वाटिका’ का लोकार्पण उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अमर देवी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों एवं जवानों ने सामूहिक रूप से 500 पौधों का पौधरोपण कर हरित परिसर का संकल्प भी लिया। इसके साथ ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी जवानों के लिए सामूहिक भोज का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर उप कमांडेंट श्री पवन कुमार, श्री कुलदीप यादव, सहायक कमांडेंट श्री बिजेन्द्र कुमार, श्री कमल आचार्या, श्री रामगोपाल, सूबेदार मेजर श्री सुनील कुमार सहित आरटीसी के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!