डीजे वाहन पेड़ से टकराया, छत्ते से भड़की मधुमक्खियां; चार घायलों को जिला अस्पताल में कराया भर्ती
देवास। पुलिस दर्पण
देवास। विजयागंज मंडी क्षेत्र में शुक्रवार को निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने यात्रा में शामिल लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के डंक से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें से चार को उपचार के लिए देवास जिला अस्पताल लाया गया।
जानकारी के अनुसार तिरंगा यात्रा में शामिल डीजे वाहन एक पेड़ से टकरा गया। बताया जा रहा है कि इसी पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। वाहन के टकराने और डीजे की तेज आवाज के कारण मधुमक्खियां भड़क गईं और उन्होंने आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से यात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों की मदद करते हुए उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चार घायलों का देवास जिला अस्पताल में उपचार किया गया, जबकि अन्य घायलों को विजयागंज मंडी क्षेत्र के आसपास उपचार दिलाया गया। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद देवास विधायक गायत्री राजे पवार के निर्देश पर देवास नगर निगम सभापति रवि जैन सहित भाजपा पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। एमआईसी सदस्य गणेश पटेल, नवीन सोलंकी, चिंटू रघुवंशी, दुर्गेश अग्रवाल, विजय सिंह पवार सहित अन्य पदाधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और अस्पताल प्रबंधन से उपचार की जानकारी ली। मधुमक्खियों के अचानक हुए हमले के चलते तिरंगा यात्रा कुछ समय के लिए प्रभावित हुई। बाद में स्थिति सामान्य होने पर यात्रा को लेकर आगे की गतिविधियां जारी रहीं।

