पुलिस दर्पण | छिंदवाड़ा | निर्मला पहाड़े की रिपोर्ट
छिंदवाड़ा, 30 जुलाई 2026। पुलिस मुख्यालय के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिलेभर में मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता सप्ताह अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान के प्रथम दिन थाना प्रभारी कुंडीपुरा निरीक्षक महेंद्र भगत एवं विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) प्रभारी निरीक्षक संजय भलावी के नेतृत्व में प्रदीपन संस्था (NGO) के सहयोग से शहर के स्लम क्षेत्रों, विद्यालयों और रेलवे स्टेशन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अटल बिहारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 200 छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी के खतरे, उससे बचाव के उपाय तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
इसके बाद रेलवे रेक पॉइंट पर कार्यरत करीब 70 मजदूरों को मानव तस्करी, बंधुआ मजदूरी और श्रमिकों के अधिकारों के संबंध में जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने मजदूरों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित हेल्पलाइन पर दें।
अभियान के तीसरे चरण में रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की मौजूदगी में यात्रियों को मानव तस्करी से जुड़े अपराधों, सतर्कता और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वयं जागरूक रहने और समाज में अन्य लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
इस अभियान में थाना प्रभारी कुंडीपुरा निरीक्षक महेंद्र भगत, एसजेपीयू प्रभारी निरीक्षक संजय भलावी, आरपीएफ के एएसआई एस.एस. गेड़ाम, जीआरपी थाना प्रभारी एएसआई संतोष मर्शकोले, एएसआई मानसिंह बघेल, प्रधान आरक्षक अजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक लोकेश बघेल, महिला प्रधान आरक्षक श्वेता सनोडिया, महिला प्रधान आरक्षक सुषमा धुर्वे, आरक्षक दुर्गा प्रसाद तथा प्रदीपन संस्था के जिला समन्वयक रामनाथ ऊके एवं रंजीता कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छिंदवाड़ा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के खिलाफ सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन पर दें।

