निर्मला पहाडे जिला ब्यूरो प्रमुख पुलिस दर्पण, छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझाया अंधे कत्ल का मामला, शव नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने की थी कोशिश
छिंदवाड़ा, 2 अगस्त 2026। छिंदवाड़ा जिले की बिछुआ थाना पुलिस ने अवैध प्रेम संबंध के चलते हुई हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए प्रेमिका सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की फुकनी एवं एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को पुलपुलडोह निवासी लगभग 55 वर्षीय धूपदास रेखवार के लापता होने की सूचना पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान दांडीगांव नदी स्टॉप डैम के पास एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान धूपदास रेखवार के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना तेज कर दी।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि मृतक के गांव की ही गीता बादशाह (50) के साथ पिछले 8–10 वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस संबंध का गीता के बेटे कृष्णकांत बादशाह को विरोध था और वह कई बार दोनों को समझा चुका था। घटना की रात कृष्णकांत अपने दो दोस्तों अजय विश्वकर्मा और शकील खान के साथ घर पहुंचा, जहां धूपदास मौजूद था। तीनों ने मिलकर लोहे की फुकनी से उसके सिर पर कई वार कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को चादर में लपेटकर मोटरसाइकिल से दांडीगांव नदी के स्टॉप डैम तक ले जाकर पानी में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
गिरफ्तार आरोपी-
गीता बादशाह (50 वर्ष), कृष्णकांत उर्फ प्यारे बादशाह (26 वर्ष), अजय विश्वकर्मा (25 वर्ष), शकील खान (32 वर्ष)
जब्त सामग्री–
एक पल्सर मोटरसाइकिल, लोहे की फुकनी
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उईके के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर मामले का पर्दाफाश किया। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।


