दुकान के पड़ोसी ने दी थी बैंक से रुपए ले जाने की सूचना, पुलिस पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज
सह संपादक बैतूल देवीनाथ लोखंडे
बैतूल। बोरदेही थाना क्षेत्र में हुए 9 लाख रुपये की सनसनीखेज लूटकांड में फरार चल रहे ₹10 हजार के इनामी आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने को बैतूल पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी से लूट की रकम एवं अन्य संपत्ति की बरामदगी के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में पहले ही इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब पूरे षड्यंत्र का मुख्य सरगना देवा इवने भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।
दुकान के पड़ोसी ने दी थी अंदर की सूचना
पुलिस जांच में सामने आया कि 20 मई 2026 को फरियादी विक्की साहू की दुकान के पास आरोपी सुशील यादव की दुकान होने के कारण उसे यह जानकारी मिल गई थी कि पीड़ित प्रदीप झरवडे बैंक से बड़ी राशि लेने आमला जा रहे हैं। आरोप है कि सुशील यादव ने मोबाइल फोन पर यह पूरी जानकारी, पीड़ित का हुलिया, मोटरसाइकिल एवं लोकेशन मुख्य आरोपी देवा इवने को दी। इसके बाद आरोपियों ने पीछा कर वारदात को अंजाम दिया।
विशेष टीम ने किया खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी, एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह एवं डीएसपी महिला सेल दुर्गेश आर्मो के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना बोरदेही में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत धारा 309(6), 304(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की गई।
मुख्य आरोपी निकला आदतन अपराधी
गिरफ्तार आरोपी देवानंद उर्फ देवा इवने (38 वर्ष), निवासी घाना उमरी, थाना नवेगांव, जिला छिंदवाड़ा के विरुद्ध हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, मारपीट, जुआ एवं आर्म्स एक्ट सहित आठ से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना नवेगांव का निगरानी बदमाश भी है।
इस मामले में पूर्व में रामकुमार उर्फ मोहित, गोविन्द टांडेकर, शिवराम उर्फ नान्हू, दुर्गेश सोनवंशी, कमलेश उर्फ मनीष तथा सुशील यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी बोरदेही निरीक्षक राधेश्याम वट्टी, उपनिरीक्षक हरिराम डडोरे, प्रधान आरक्षक अनिल धुर्वे, आरक्षक रोहन उईके, महिला आरक्षक आरती पवार एवं आरक्षक भगवान दास जावरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
बैतूल पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बैंक से बड़ी नकद राशि निकालकर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें। संभव हो तो किसी अन्य व्यक्ति को साथ रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या पीछा किए जाने की स्थिति में तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें।


