शिक्षक दिवस पर रतलाम के दो शिक्षकों का बढ़ा गौरव, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

शर्मिला उपाध्याय एवं राजेश महेश्वरी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचार के लिए मिला राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026

रतलाम। पुलिस दर्पण

रतलाम। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में रतलाम जिले के दो शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। शासकीय प्राथमिक विद्यालय हल्दुखाली की शिक्षिका श्रीमती शर्मिला उपाध्याय तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंदड़ी के शिक्षक श्री राजेश महेश्वरी को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 प्रदान किया गया।

समारोह में महामहिम राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया। यह उपलब्धि रतलाम जिले के लिए गौरव का विषय है।

जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी ने बताया कि दोनों शिक्षकों का चयन शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं नवाचारों के आधार पर किया गया।

नवाचार एवं गतिविधि आधारित शिक्षण के लिए शर्मिला उपाध्याय सम्मानित

शासकीय प्राथमिक विद्यालय हल्दुखाली की शिक्षिका श्रीमती शर्मिला उपाध्याय को कक्षा 1 से 8 प्राथमिक वर्ग में शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया।

उन्होंने क्रियात्मक अनुसंधान, नवाचार, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा स्थानीय वस्तुओं से निर्मित टीएलएम सामग्री के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं रुचिपूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए भयमुक्त एवं आनंददायी शैक्षणिक वातावरण तैयार हुआ।

श्रीमती उपाध्याय ने विद्यार्थियों के साथ-साथ समुदाय के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया। उनके शिक्षण नवाचारों ने विद्यार्थियों की सीखने में रुचि बढ़ाने के साथ विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को भी बेहतर बनाने में योगदान दिया।

शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम में योगदान के लिए राजेश महेश्वरी को सम्मान

वहीं, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंदड़ी के शिक्षक श्री राजेश महेश्वरी को माध्यमिक वर्ग (कक्षा 9 से 12) में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।

श्री महेश्वरी द्वारा विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए उन्हें बेहतर परीक्षा परिणाम के लिए निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ा तथा विद्यालय के परीक्षा परिणाम में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल हुई।

शिक्षक दिवस पर रतलाम जिले के दोनों शिक्षकों को मिला यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके समर्पण, नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान है। दोनों शिक्षकों की उपलब्धि से जिले के शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!