ब्यावरा (राजगढ़)। पुलिस दर्पण
राजगढ़ । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में नेशनल हाईवे-52 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। करनवास थाना क्षेत्र के पनाली जोड़ के पास पचोर जा रही एक लोकल बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों के अनुसार, बस चालक शुरुआत से ही तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। कई यात्रियों ने उसे बार-बार गति कम करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने किसी की बात पर ध्यान नहीं दिया। कुछ ही देर बाद बस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा भिड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही करनवास पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकालकर शासकीय अस्पताल पचोर पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां 75 वर्षीय होकम चंद्र विश्वकर्मा ने रास्ते में दम तोड़ दिया। दूसरे मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।
घायलों में गोकुल प्रसाद मालाकार, मोहन सिंह और शांति बाई शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया। करनवास थाना प्रभारी संगीता शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बस चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का प्रमुख कारण सामने आया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।


