भोपाल। पुलिस दर्पण
भोपाल। संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने भोपाल संभाग में मूंग उपार्जन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मूंग उपार्जन के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संचालित की जाए।
समीक्षा बैठक में संभाग आयुक्त ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा व्यवस्थाओं पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को पंजीयन, तौल, भुगतान एवं अन्य प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारी स्वयं मैदान में रहकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों पर पर्याप्त संसाधन, आवश्यक सुविधाएं एवं कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों का उपार्जन कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर उसका त्वरित निराकरण किया जाए।
संभाग आयुक्त श्री कर्मवीर शर्मा ने कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि मूंग उपार्जन प्रक्रिया सफलतापूर्वक एवं बिना किसी बाधा के पूर्ण हो सके।

