रतलाम। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद (DATCC) के माध्यम से 7 अगस्त 2026 को उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सागोद रोड, रतलाम में मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 723 छात्र-छात्राएं भाग लेंगे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश के समृद्ध इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, कला, प्राकृतिक धरोहर, पर्यटन स्थलों, महापुरुषों एवं प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं से परिचित कराना तथा पर्यटन के माध्यम से सीखने की प्रक्रिया को बढ़ावा देना है।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में सुबह 9:00 से 10:00 बजे तक पंजीयन होगा, जबकि 10:00 बजे से 12:00 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित 6 सर्वश्रेष्ठ टीमें दूसरे चरण में प्रवेश करेंगी। इसके बाद दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक मल्टीमीडिया आधारित क्विज आयोजित होगी, जिसमें से शीर्ष 3 विजेता टीमों का चयन किया जाएगा।
विजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम तीन टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में 2 रात्रि एवं 3 दिन ठहरने का कूपन मिलेगा, जबकि उपविजेता तीन टीमों को 1 रात्रि एवं 2 दिन ठहरने का कूपन प्रदान किया जाएगा। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति उपहार भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता के प्रश्न मध्यप्रदेश के पर्यटन, कला, संस्कृति, आध्यात्म, प्राकृतिक धरोहर, फिल्मांकन स्थलों एवं स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित होंगे। दूसरे चरण में वीडियो आधारित मल्टीमीडिया क्विज के माध्यम से प्रतिभागियों की जानकारी का परीक्षण किया जाएगा।
प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से तीन विद्यार्थियों की एक टीम भाग ले सकेगी, जो मिलकर प्रश्नपत्र हल करेगी।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में आयोजन की तैयारियों के लिए सचिव DATCC श्री अरुण कुमार पाठक, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री सिमरन सूर्यवंशी, प्राचार्य श्री सुभाष कुमावत एवं क्विज मास्टर श्री ललित मेहता को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

