जावरा। पुलिस दर्पण
रतलाम, जावरा। भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जावरा में आयोजित प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने विद्यार्थियों से समर्पण और गंभीरता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. विद्या तिवारी ने बताया कि भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रतलाम जिले का दूसरा सबसे बड़ा महाविद्यालय है। गत वर्ष यहां 4,661 विद्यार्थियों ने अध्ययन किया था तथा वर्तमान में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय एवं जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री प्रमोद रावल के सहयोग से महाविद्यालय में विकास कार्य लगातार प्रगति पर हैं।
विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए गंभीरता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य आपसी सहयोग से ही सफल होते हैं, इसलिए मिल-जुलकर आगे बढ़ना आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रतिवर्ष लगभग एक करोड़ रुपये विभिन्न हितग्राही योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध कराए जाते हैं। विद्यार्थियों को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाना चाहिए।
जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री प्रमोद रावल ने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में सार्थक पहल करना है। उन्होंने विद्यार्थियों से खुलकर अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और शिक्षा, करियर एवं महाविद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।

