प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने गूगल मीट के जरिए तैयारियों की समीक्षा, सभी विभागों को दिए व्यापक जनभागीदारी के निर्देश
ग्वालियर। पुलिस दर्पण
ग्वालियर। प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार को गूगल मीट के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान एवं एक पेड़ माँ के नाम अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि तीनों अभियानों का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए इन्हें जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
बैठक में प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत सहित वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि प्रदेश में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अभियान को विशेष गरिमा के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने तिरंगा यात्रा, साइकिल रैली, रंगोली, प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तरी एवं स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान जैसे कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुँचाया जाए। साथ ही उद्योग एवं व्यापार जगत से संवाद और सरकारी कार्यालयों के नियमित निरीक्षण पर भी बल दिया।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 15 अगस्त के बाद जिले में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने के निर्देश देते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में आमजन, युवाओं और सामाजिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप ग्वालियर जिले में तीनों अभियानों का प्रभावी संचालन किया जाएगा। वहीं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बताया कि सभी तैयारियाँ लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और समाज के सभी वर्गों को इन अभियानों से जोड़ने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
नगर निगम एवं जिला पंचायत प्रशासन ने भी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में तिरंगा रैलियों, जन-संवाद शिविरों और वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रमों की तैयारियाँ पूर्ण होने की जानकारी देते हुए सफल आयोजन का भरोसा दिलाया।

