एक ही रात में छिंदवाड़ा पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, 154 वारंटी गिरफ्तार

43 स्थायी और 111 गिरफ्तारी वारंटियों पर कार्रवाई, 102 गुंडे-बदमाश और 69 निगरानी बदमाशों की हुई सघन चेकिंग

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। अपराधियों और आदतन बदमाशों पर शिकंजा कसने के लिए छिंदवाड़ा पुलिस ने सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक जिलेभर में बड़े स्तर पर कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 31 अगस्त की रात से 1 सितंबर 2026 तक चले इस विशेष अभियान में पुलिस ने एक ही रात में 154 वारंटियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए वारंटियों में 43 स्थायी वारंटी और 111 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। पुलिस टीमों ने नाकाबंदी, घेराबंदी, दबिश और तकनीकी शाखा यानी साइबर सेल की मदद से वारंटियों को उनके संभावित ठिकानों से पकड़ा। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गुंडे-बदमाशों से लेकर कबाड़ियों तक की चेकिंग

कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने केवल वारंटियों की धरपकड़ तक अभियान सीमित नहीं रखा, बल्कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर भी निगरानी बढ़ाई। पुलिस टीमों ने जिले में 102 गुंडा बदमाश, 69 निगरानी बदमाश और 40 कबाड़ियों की सघन चेकिंग की तथा उनकी जानकारी थाना रिकॉर्ड में दर्ज की।

पुलिस ने जेल से रिहा होकर आए आरोपियों और हिस्ट्रीशीटरों की भी जानकारी जुटाई। घर-घर जाकर बदमाशों की गतिविधियों की जानकारी ली गई और उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

450 लीटर अवैध शराब जब्त, 21 पर कार्रवाई

रात्रि कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की। शराब की तस्करी और खुले स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 21 व्यक्तियों से करीब 450 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई की गई।

9 गुम इंसान मिले, परिवारों को सौंपा

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्रों से गुम हुए व्यक्तियों की तलाश भी की। पुलिस के प्रयासों से 9 गुम इंसानों को दस्तयाब कर उनके परिजनों से मिलाया गया। इससे पुलिस के इस अभियान का मानवीय पक्ष भी सामने आया।

मोहखेड़ और कुंडीपुरा पुलिस का शानदार प्रदर्शन

जिले में सर्वाधिक वारंट तामील करने के मामले में मोहखेड़ और कुंडीपुरा पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन किया। पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी डी.एस. शेन्डे और उनकी टीम ने पूरे जिले में चल रहे अभियान की मॉनिटरिंग की।

पहले स्थान पर उप पुलिस अधीक्षक रामेश्वर चौबे के नेतृत्व में थाना प्रभारी मोहखेड़ संजय भलावी की टीम रही। टीम ने 9 स्थायी और 8 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 17 वारंटियों को गिरफ्तार किया।

दूसरे स्थान पर नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी कुंडीपुरा महेंद्र भगत की टीम रही। टीम ने 8 स्थायी और 9 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 17 वारंटियों को गिरफ्तार किया।

वहीं तीसरे स्थान पर अनु.अधि. (पुलिस) परासिया जितेंद्र जाट के नेतृत्व में थाना प्रभारी रावनवाड़ा सुंद्रेश मरावी की टीम रही, जिसने 5 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 8 वारंटियों को गिरफ्तार किया।

बेहतर कार्रवाई करने वाली टीम होगी पुरस्कृत

पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा ने अभियान में सर्वाधिक वारंट तामील करने वाली तथा स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

पुलिस का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस का संदेश साफ है—अपराधियों के लिए छिंदवाड़ा में अब सुरक्षित ठिकाना नहीं।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!