सांसद की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक सम्पन्न

केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की विभागवार समीक्षा, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

छिंदवाड़ा / पुलिस दर्पण
छिंदवाड़ा पांढुर्णा के सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष श्री विवेक (बंटी) साहू की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्टर कार्यालय, पांढुर्णा के सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई।

सांसद श्री साहू ने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित मॉनिटरिंग तथा लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्रामीण विकास विभाग, मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, जल संसाधन विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, उच्च शिक्षा एवं स्कूल शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, जल जीवन मिशन, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एमपीएसआरएलएम), श्रम विभाग, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

ग्रामीण विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा
सांसद श्री विवेक (बंटी) साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से आवास का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया। उन्होंने आवास निर्माण सामग्री कम दरों पर उपलब्ध कराने की नवाचार पहल की सराहना करते हुए इसे हितग्राहियों के लिए लाभकारी बताया, जिससे परिवहन एवं मजदूरी व्यय में कमी आ रही है। इसके साथ ही मनरेगा, जल गंगा संवर्धन अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, ओडीएफ प्लस, सामुदायिक स्वच्छता परिसर, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, वॉश ऑन व्हील्स एवं वॉश ऑन व्हील्स प्लस की प्रगति एवं उपलब्धियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद श्री साहू ने निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के लिए आवश्यक निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, कार्यों में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत में योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की जाए। उन्होंने जल जीवन मिशन की सभी योजनाओं का नियमित संचालन एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एमपीएसआरएलएम) एवं संबंधित विभागों की समीक्षा करते हुए सांसद श्री साहू ने 20 जून से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा करने, विभागीय प्रगति का नियमित परीक्षण करने, संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा हितग्राही मूलक कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उद्योग विभाग की समीक्षा
उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद श्री साहू ने जिले में प्राप्त निवेश प्रस्तावों की जानकारी प्रस्तुत करने, 20 मई से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का निराकरण करने तथा आबादी प्लस योजना के लक्ष्य में वृद्धि करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टैंडर्ड रूमों के उपयोग एवं निर्माण की स्थिति, वन एवं आदिवासी क्षेत्रों में उपयोग की जा रही सामग्री की जानकारी उपलब्ध कराने तथा पॉलीहाउस की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक में 750 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित 5 क्लस्टर एवं 7.5 करोड़ रुपये की योजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सांसद श्री साहू ने पीएम जीविकोपार्जन योजना के अंतर्गत सभी प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने, लंबित प्रकरणों की स्वीकृति प्राथमिकता के आधार पर करने तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों को पीएम सूर्य योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों में वृद्धि करते हुए 30 प्रतिशत के स्थान पर 60 प्रतिशत उपलब्धि एवं 3000 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

विद्युत विभाग को गुणवत्ता सुधार के निर्देश
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की समीक्षा के दौरान सांसद श्री विवेक (बंटी) साहू ने नवीन उपकेंद्रों, फीडर विभक्तीकरण, आरडीएसएस योजना, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मर क्षमता वृद्धि तथा पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति को अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बनाने, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

जल संसाधन एवं सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स परियोजना, बैलेसिंग रिजर्वायर (पांढुर्णा बांध), रामघाट बांध तथा जिले में संचालित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद श्री साहू ने सिंचाई क्षमता बढ़ाने तथा किसानों को अधिकाधिक लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया।

कृषि एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा
कृषि विभाग द्वारा खरीफ सीजन के लिए बीज एवं उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था तथा किसानों को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने की जानकारी प्रस्तुत की गई। पशुपालन विभाग द्वारा एफएमडी टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम, किसान क्रेडिट कार्ड, कामधेनु योजना एवं अन्य योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया। सांसद श्री साहू ने निर्देश दिए कि किसानों एवं पशुपालकों को शासन की सभी योजनाओं का अधिकतम लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा
स्कूल एवं उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान छात्र नामांकन, कक्षा 9 में प्रवेश, साइकिल वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण, छात्रवृत्ति, लैपटॉप योजना, स्कूटी वितरण, बोर्ड परीक्षा परिणाम, रिक्त पदों की स्थिति तथा सांदीपनी विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद श्री साहू ने शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने, शेष पात्र विद्यार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करने के निर्देश दिए।

उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा में महाविद्यालयों के भवन निर्माण कार्य, एम.ए. प्रवेश, बी.कॉम. एवं बी.एससी. के प्रवेश प्रतिशत की समीक्षा की गई। उन्होंने छात्र हित में पीएससी कोचिंग एवं आवश्यक सुविधाएं प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की अद्यतन जानकारी संधारित करने, एसटीईटी एवं जेईई की तैयारी को प्रोत्साहित करने, 75 प्रतिशत से अधिक छात्रों की संख्या में 20 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य प्राप्त करने, 831 बच्चों के सत्यापन एवं शेष 381 ग्रामों के कार्य पूर्ण करने, पोषण अभियान सहित विभिन्न योजनाओं के प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने, पिछले तीन माह की शिक्षकों की स्थिति की समीक्षा करने, अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने, आवासीय विद्यालयों की स्थिति की समीक्षा करने, सांदीपनी विद्यालय के पोर्टल को व्यवस्थित करने तथा आदर्श विद्यालयों के विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य, श्रम एवं लोक निर्माण विभाग की समीक्षा
बैठक में 108 एम्बुलेंस सेवा के अंतर्गत 1084 परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी समीक्षा की गई तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

श्रम विभाग की समीक्षा के दौरान 10 हैंडओवर कार्यों की जानकारी ली गई। सांसद श्री साहू ने ईएसआईसी अस्पताल की स्वीकृति के प्रयासों में तेजी लाने, हाईवे पर स्थापित उद्योगों से समन्वय स्थापित करने तथा बायपास क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों एवं फैक्ट्री स्थापना के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र करने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग (डब्ल्यूआरडी) की समीक्षा के दौरान विभागीय निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सांसद श्री विवेक (बंटी) साहू ने कलेक्टर कॉलोनी, मंडी एवं अस्पताल के निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, आर.एच. का प्रस्ताव प्रेषित करने, आदिवासी आवास संबंधी कार्य प्रारंभ कराने तथा अन्य लंबित विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागवार प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए। सांसद श्री विवेक (बंटी) साहू ने स्पष्ट किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, विभागीय समन्वय एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मनकामना प्रसाद, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का,पूर्व शिक्षा मंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड, जिला अध्यक्ष श्री संदीप मोहोड, विधायक श्री निलेश उइके सहित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!