सिद्धार्थ गार्डन के पीछे सजा था जुए का फड़, पुलिस ने मारा छापा; 8 जुआरी गिरफ्तार

ऑपरेशन “प्रहार” के तहत विजयागंज मंडी पुलिस की कार्रवाई, ₹11,700 नकद और ताश की 2 गड्डियां जब्त

देवास/विजयागंज मंडी। पुलिस दर्पण

देवास/विजयागंज मंडी। जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार” के तहत विजयागंज मंडी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने सिद्धार्थ गार्डन के पीछे जुआ खेल रहे 8 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से ₹11,700 नकद और ताश की दो गड्डियां बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजयागंज मंडी स्थित सिद्धार्थ गार्डन के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोगों ने मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से कुल 8 आरोपियों को पकड़ लिया।

ये 8 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मनोज राठौर (40), नूर मोहम्मद (39), अजय कुमावत (30), राजेंद्र सोलंकी (22), राहुल राठौर (27), दीपक सोलंकी (31), विष्णु मालवीय (44) और जितेंद्र पटेल (37) को गिरफ्तार किया है। सभी विजयागंज मंडी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

₹11,700 नकद और ताश की गड्डियां जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से ₹11,700 की नकदी और ताश की 2 गड्डियां जब्त कीं। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एच.एन. बाथम एवं डीएसपी (एल-आर) अभिषेक सिंह गौतम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजयागंज मंडी जितेंद्र यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी जितेंद्र यादव के साथ नरेंद्र सिंह भदौरिया, स्वतंत्र सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक संतोष नवरंग, आरक्षक विक्की जूनवाल, राहुल चौहान एवं चालक आरक्षक अनिल सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ऑपरेशन “प्रहार” के तहत लगातार की जा रही कार्रवाई से पुलिस ने जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!