मासूम से दुराचार के विरोध में शहर में आक्रोश, आरोपी को फांसी देने की मांग

आज शिवाजी चौक पर जुटेंगे शहरवासी, दोपहर 12 बजे होगा विरोध प्रदर्शन; एसपी को सौंपेंगे ज्ञापन

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। पांच वर्षीय मासूम के साथ दुराचार की घटना सामने आने के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है। घटना के विरोध में जागरूक नागरिकों ने आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई और दोष सिद्ध होने पर फांसी की सजा की मांग को लेकर आज शुक्रवार दोपहर 12 बजे शिवाजी चौक पर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।

सामाजिक कार्यकर्ता राजेश गावंडे ने घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि मासूम बच्चों के साथ इस तरह के जघन्य अपराध समाज के लिए बेहद गंभीर चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में कानून के तहत त्वरित जांच और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कठोरतम सजा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रदर्शन में शहर के सामाजिक संगठनों, युवाओं, मातृशक्ति और प्रबुद्ध नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। प्रदर्शन के बाद पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई तथा दोष सिद्ध होने पर आरोपी को फांसी की सजा दिए जाने की मांग की जाएगी।

गावंडे ने कहा कि मासूम के साथ हुई घटना ने शहरवासियों को झकझोर दिया है। जनता की एकजुट आवाज के माध्यम से प्रशासन से मांग की जाएगी कि मामले की जांच गंभीरता से की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएं। प्रदर्शन के जरिए समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता और ऐसे अपराधों के खिलाफ कड़ा संदेश देने का भी प्रयास किया जाएगा।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!