निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। ट्रक एवं ट्रैक्टर एसोसिएशन एंड बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से जिले में निर्माण कार्य पूरी तरह से ठप हो गया है। हड़ताल का असर अब सीधे आम जनता, व्यापारियों और पेट्रोल पंप संचालकों पर भी पड़ने लगा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश राऊत और सचिव सिराज कुरैशी ने बताया कि प्रशासन द्वारा हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते हड़ताल करना पड़ा। एसोसिएशन की प्रमुख मांगों में ग्राम सर्रा में लगे कैमरा जांच नाका की तरह सिल्लेवानी और सिवनी रोड पर भी जांच नाका लगाना, नगर निगम क्षेत्र में ट्रैक्टरों को न पकड़ना, अवैध खनिज परिवहन पर पर्यावरण क्षतिपूर्ति की कार्यवाही मशीनों पर करना न कि वाहनों पर, और भवन निर्माण की अनुमति देने जैसी मांगें शामिल हैं।
हड़ताल से हो रहे ये नुकसान –
- पेट्रोल पंप पर डीजल बिक्री में गिरावट: ट्रक-ट्रैक्टर बंद होने से पेट्रोल पंपों पर डीजल की बिक्री में भारी गिरावट आई है। पंप संचालक परेशान हैं।
- मकान मालिक परेशान: जिन लोगों के मकान निर्माणाधीन हैं, उन्हें रेत, गिट्टी, ईंट नहीं मिल पा रही है। मटेरियल न मिलने से उनके मकान का काम बीच में ही रुक गया है।
- मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट: निर्माण कार्य बंद होने से रोज कमाने वाले राज मिस्त्री और मजदूरों के काम पूरी तरह से प्रभावित हो गए हैं। उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
- लोहा-सीमेंट विक्रेताओं को आर्थिक नुकसान: बिल्डिंग मटेरियल की सप्लाई रुकने से लोहा, सीमेंट और अन्य मटेरियल बेचने वाले व्यापारियों की बिक्री पूरी तरह से बंद हो गई है, जिससे उन्हें रोजाना हजारों रुपए का आर्थिक नुकसान हो रहा है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द मांगों का निराकरण नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

