मुख्यमंत्री रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से करेंगे सीधी बात

हिल स्टेशन कुकरू आ रहे सीएम डॉ. मोहन यादव; रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से करेंगे सीधी बात, सनराइज पॉइंट पर करेंगे मेडिटेशन
बैतूल । प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार को बैतूल जिले के सुप्रसिद्ध हिल स्टेशन ‘कुकरू’ पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक गलियारों से लेकर आम जनता में खासा उत्साह है। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान सीएम रात्रि चौपाल, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेडिटेशन, महिला स्व-सहायता समूहों से संवाद और प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
ऐसा रहेगा मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
शनिवार (27 जून): सनसेट का दीदार और रात्रि चौपाल
शाम 6:00 बजे: मुख्यमंत्री भैंसदेही के कन्या हाई स्कूल हेलीपैड पहुंचेंगे, जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उनका भव्य स्वागत करेंगे।
शाम 6:30 बजे: सीएम कुकरू के प्रसिद्ध सनसेट पॉइंट का अवलोकन करेंगे।
शाम 6:45 बजे: ग्राम पंचायत कुकरू में ‘रात्रि चौपाल’ सजेगी, जहाँ सीएम ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी जमीनी समस्याओं को सुनेंगे। इसके बाद वे स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेंगे।
रविवार (28 जून): मेडिटेशन, कॉफी प्लांटेशन और ‘मन की बात’
सुबह 6:30 बजे: सीएम सनराइज एवं बुच पॉइंट पर योग और मेडिटेशन करेंगे।
सुबह 7:00 बजे: महिला स्व-सहायता समूहों की ओर से संचालित आत्मनिर्भर गतिविधियों का अवलोकन करेंगे।
सुबह 7:30 से 8:00 बजे: पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण करेंगे और कुकरू के मशहूर कॉफी प्लांटेशन का निरीक्षण करेंगे।
सुबह 10:00 से 11:00 बजे: स्थानीय जनप्रतिनिधियों से चर्चा के बाद, सीएम सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
दोपहर 12:10 बजे: मुख्यमंत्री कुकरू हेलीपैड से सीधे भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे।
कमिश्नर-आईजी सहित आला अफसरों ने संभाली कमान
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शुक्रवार को ही कमिश्नर श्रीकांत बनोठ, आईजी मिथलेश कुमार शुक्ल, डीआईजी वीरेंद्र कुमार सिंह, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और एसपी वीरेंद्र जैन ने कुकरू पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अफसरों की टीम ने हेलीपैड से लेकर चौपाल स्थल और मेडिटेशन पॉइंट तक का बारीकी से निरीक्षण किया और सभी तैयारियां समय-सीमा में दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!